मेरठ: वैश्य समाज महानगर द्वारा 12 अप्रैल को निशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर


मेरठ: वैश्य समाज महानगर द्वारा 12 अप्रैल को निशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर

मेरठ, यूपी आज लाइव प्रतिनिधि। आगामी रविवार, 12 अप्रैल 2026 को वैश्य समाज, मेरठ महानगर (पंजीकृत) द्वारा एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर की सफलता और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मेरठ के शास्त्री नगर स्थित अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में शिविर के सफल संचालन, रूपरेखा और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

12 अप्रैल को शास्त्री नगर में विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श

वैश्य समाज के अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली स्थित मैक्स हॉस्पिटल, पटपड़गंज (मैक्स हेल्थकेयर) के सहयोग से यह शिविर कमला देवी सरस्वती शिशु मंदिर, डी-ब्लॉक, शास्त्री नगर में आयोजित होगा। शिविर का समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग और गैस्ट्रोएन्टेरोलॉजी जैसे विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों का निशुल्क परामर्श करेंगे।

निशुल्क जाँचों की विशेष सुविधा

स्वास्थ्य शिविर में आमजन के लिए कई महत्वपूर्ण जाँचें भी निशुल्क उपलब्ध रहेंगी। आयोजकों के अनुसार, शिविर के दौरान बी.पी., शुगर (आर.बी.एस), बी.एम.डी., ई.सी.जी. और फाइब्रो स्कैन जैसी जरूरी जाँचें बिना किसी शुल्क के की जाएंगी। वैश्य समाज का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना है, ताकि समय रहते गंभीर बीमारियों की पहचान और उपचार हो सके।

कार्यक्रम की रूपरेखा और प्रमुख अतिथि

इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राम कुमार गुप्ता शिरकत करेंगे। उद्घाटनकर्ता के रूप में आर.सी. गुप्ता और अजय रस्तौगी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुशील कृष्ण गुप्ता करेंगे। वहीं, आयोजन को सफल बनाने के लिए अशोक कुमार मित्तल को मुख्य संयोजक, जबकि गीता जिंदल और प्रवीण कुमार गुप्ता (उप महामंत्री) को संयोजक का दायित्व सौंपा गया है। बैठक में सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां देकर अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुँचाने का आह्वान किया गया।

बैठक में इनकी रही विशेष उपस्थिति

तैयारी बैठक में महामंत्री प्रमोद गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य प्रभा गुप्ता, गीता अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, अजय गुप्ता, अशोक कुमार मित्तल, अमित अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, गीता जिंदल, प्रवीण कुमार गुप्ता, राकेश गुप्ता, प्रदीप वाष्र्णेय, अमित मित्तल और सुशील कुमार गर्ग सहित संस्था के अनेक गणमान्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। वैश्य समाज मेरठ महानगर ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचें और निशुल्क जाँचों व परामर्श का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।

टिप्पणियाँ