मेरठ के प्राथमिक विद्यालय भराला में 'स्कूल चलो अभियान' की गूंज, बच्चों ने निकाली भव्य रैली
मेरठ, यूपी आज लाइव। जनपद मेरठ के विकास क्षेत्र दौराला स्थित प्राथमिक विद्यालय भराला में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 'स्कूल चलो अभियान' का भव्य आगाज किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं और आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों द्वारा एक विशाल रैली निकाली गई, जिसने पूरे गांव के वातावरण को शिक्षा के रंग में सराबोर कर दिया।
रैली का औपचारिक उद्घाटन ग्राम प्रधान राजेंद्र और विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष संगीता द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इसके बाद प्रधानाध्यापिका शशि कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। 'सब पढ़ें, सब बढ़ें' और 'आओ अब स्कूल चलें' के बुलंद नारों के साथ बच्चों ने पूरे गांव का भ्रमण किया, जिसे देखकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए गांव के जागरूक निवासियों ने उनके लिए जलपान और चिप्स की व्यवस्था भी की।
इस अभियान को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं ममता, रेशमा, शालिनी और कविता के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों राम भतेरी, अनीता, पूजा, सविता, कुसुम और किशनवती का सराहनीय योगदान रहा। बच्चों ने पूरे जोश के साथ इस जागरूकता रैली में प्रतिभाग किया।
प्रधानाध्यापिका शशि कौशिक ने बताया कि स्कूल चलो अभियान पखवाड़ा के तहत निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एक अप्रैल को बच्चों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया था, वहीं आज दो अप्रैल को विशेष रूप से मध्याह्न भोजन में हलवा बनवाया गया, जिसका सभी बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। इस तरह के आयोजनों से न केवल बच्चों का उत्साहवर्धन होता है, बल्कि शिक्षा के प्रति समुदाय का जुड़ाव भी मजबूत होता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें