UP GST Fraud: 200 करोड़ की जीएसटी चोरी का बड़ा खुलासा, आरोपी गिरफ्तार


UP GST Fraud: 200 करोड़ की जीएसटी चोरी का बड़ा खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

फर्जी कंपनियों और इनवॉइस के जरिए देशभर में फैला था नेटवर्क, कई राज्यों में सक्रिय गिरोह पर कार्रवाई तेज

लखनऊ, एजेंसी।  उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़े स्तर पर हो रही जीएसटी चोरी के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। जांच एजेंसी ने इस मामले में एक अहम आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह ने फर्जी कंपनियों के माध्यम से करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व को नुकसान पहुंचाया है।

गुजरात से आरोपी की गिरफ्तारी, अहम सुराग हाथ लगे
एसटीएफ ने आरोपी मोहम्मद अल्ताफ सोजतवाला को अहमदाबाद के गायकवाड़ हवेली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और नकदी बरामद हुई है। इन उपकरणों से गिरोह के बड़े नेटवर्क के संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

फर्जी फर्म बनाकर किया जाता था करोड़ों का खेल
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए फर्जी कंपनियों का पंजीकरण कराता था। इन कंपनियों के माध्यम से फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल तैयार किए जाते थे। इसके जरिए वास्तविक कारोबारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट उपलब्ध कराया जाता था, जिससे बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी की जाती थी।

कमीशन के लालच में लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह आम लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज हासिल करता था। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर बैंक खातों के जरिए लेनदेन दिखाकर फर्जी कंपनियां संचालित की जाती थीं। बाद में लेनदेन की रकम को नकद या अन्य माध्यमों से वापस कर दिया जाता था।

कई राज्यों में फैला था नेटवर्क
एसटीएफ के अनुसार, यह गिरोह गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में सक्रिय था। अलीगढ़ में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद एसटीएफ ने कार्रवाई तेज की।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी, नेटवर्क खत्म करने की तैयारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


टिप्पणियाँ