महिला शिक्षिका के पति को लूटने वाला शातिर नौशाद 'बादशाह' गिरफ्तार, अवैध असलहा और नकदी बरामद

महिला शिक्षिका के पति को लूटने वाला शातिर नौशाद 'बादशाह' गिरफ्तार, अवैध असलहा और नकदी बरामद

मेरठ, यूपी आज लाइव प्रतिनिधि। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक पखवाड़े पूर्व हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए शातिर लुटेरे नौशाद उर्फ बादशाह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल और ढाई लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है।

चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर दबोचा गया अभियुक्त

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी नौशाद उर्फ बादशाह किसी नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से रेलवे रोड इलाके की ओर आ रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे रोड मंशा देवी मंदिर के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। हड़बड़ाहट में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे आरोपी घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।

टीचर के पति से दिनदहाड़े की थी लूटपाट

पुलिस पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी नौशाद ने बीते 15 मार्च को कंकरखेड़ा क्षेत्र के अनूपनगर फाजलपुर निवासी विजय कुमार के साथ लूटपाट की थी। विजय कुमार अपनी पत्नी, जो कि मनसबिया अरबिया इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं, उन्हें स्कूल से लेने जा रहे थे। तभी कॉलेज के पीछे सफेद रंग की अपाचे बाइक पर आए नौशाद और उसके साथी ने विजय को तमंचा दिखाकर डराया और उनकी सोने की चेन व अंगूठी लूट ली थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान पुख्ता की थी।

गैंगस्टर का पुराना आपराधिक इतिहास और फरार साथी की तलाश

गिरफ्तार अभियुक्त नौशाद उर्फ बादशाह पुत्र मोबीन मूल रूप से गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के असलतपुर का रहने वाला है। पुलिस जांच में यह तथ्य उजागर हुआ है कि आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, बागपत और मेरठ के विभिन्न थानों में करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान नौशाद ने इस वारदात में शामिल अपने साथी का नाम दानिश पुत्र असगर निवासी बुलंदशहर बताया है। पुलिस की टीमें फरार अभियुक्त दानिश की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के पास से बरामद ढाई लाख रुपये की नकदी भी लूट की घटनाओं से जुड़ी होने की आशंका है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ