Meerut News: हाउस टैक्स बकाया पर सख्ती, मिलांज मॉल स्थित होटल आइसलैंड और जैन शिकंजी सील

Meerut News: हाउस टैक्स बकाया पर सख्ती, मिलांज मॉल स्थित होटल आइसलैंड और जैन शिकंजी सील

मेरठ, यूपी आज लाइव प्रतिनिधि। नगर निगम ने गृहकर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को निगम की टीम ने मिलांज मॉल स्थित होटल आइसलैंड और हाईवे पर स्थित जैन शिकंजी प्रतिष्ठान को सील कर दिया। अभियान के दौरान एक अन्य मंडप संचालक ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर दी, जिससे उसके खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई टल गई।

कर वसूली के लिए लगातार चल रहा अभियान

नगर निगम द्वारा शहरभर में गृहकर वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कैंप लगाकर लोगों को कर जमा करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही लंबे समय से बकाया न चुकाने वाले बड़े करदाताओं के खिलाफ सीलिंग जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।

करोड़ों का बकाया, होटल आइसलैंड पर बड़ी कार्रवाई

मुख्य कर निर्धारक एसके गौतम के अनुसार मिलांज मॉल, मोदीपुरम स्थित होटल आइसलैंड पर करीब 3.19 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया था। इसी कारण इसे सील करना इस अभियान की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे बकायेदारों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

150 करोड़ वसूली का लक्ष्य

नगर निगम को गृहकर वसूली के लिए 150 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य विभागों, जनप्रतिनिधियों और पार्षदों का सहयोग मिलने से लक्ष्य को जल्द हासिल करने की उम्मीद है। 

गृहकर वसूली अभियान को गति देने के लिए नगर निगम की टीम लगातार काम कर रही है। यहां तक कि 31 मार्च तक की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं, ताकि अधिक से अधिक बकाया वसूला जा सके। अधिकारियों के अनुसार रोजाना सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है और बकायेदारों की सूची के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जा रही है।

सीलिंग के दौरान विवाद, परवर्तन दल तैनात

सीलिंग की कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर विवाद की स्थिति भी सामने आ रही है। इसे देखते हुए नगर आयुक्त ने परवर्तन दल को भी टीम के साथ तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इससे कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने में आसानी हो सके।

टिप्पणियाँ