शहीदों को कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि
मेरठ। शहीद दिवस के अवसर पर विश्व हिंदू रक्षा परिषद द्वारा एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश सचिव अनुज सक्सेना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर देश के अमर क्रांतिकारियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इन महान शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी शहादत ने देश में स्वतंत्रता की चेतना को प्रज्ज्वलित किया और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस एवं त्याग का संदेश दिया। सभी ने एक स्वर में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव अनुज सक्सेना ने कहा, “भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे महान क्रांतिकारियों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके त्याग और साहस ने हमें स्वतंत्र भारत का मार्ग दिखाया। आज हम सभी का कर्तव्य है कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में अपना योगदान दें।”
कार्यक्रम में विशेष रूप से श्रीमती मुक्ता चौधरी (महिला मोर्चा अध्यक्ष), विकास वर्मा (विधानसभा अध्यक्ष), अभिषेक दीक्षित (ब्लॉक अध्यक्ष) सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें