मेरठ: बाबा साहब की प्रतिमा खंडित, आक्रोशित पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं संग एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

मेरठ: बाबा साहब की प्रतिमा खंडित, आक्रोशित पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं संग एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

मेरठ (यूपी आज लाइव टीम)। मवाना तहसील के भगवानपुर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवनिर्मित प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र के दलित समाज और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में गहरा रोष व्याप्त है। बुधवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री प्रभुदयाल वाल्मीकि के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने तहसील पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

उद्घाटन से पहले ही शरारती तत्वों की करतूत

जानकारी के अनुसार, भगवानपुर में बाबा साहब की नई प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसका औपचारिक उद्घाटन आगामी 30 मार्च को होना निर्धारित था। लेकिन इससे पहले ही अज्ञात अराजक तत्वों ने प्रतिमा को खंडित कर दिया। बुधवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

एसडीएम को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

घटना के विरोध में पूर्व विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मवाना तहसील पहुंचा। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम संतोष कुमार सिंह को सौंपा। पूर्व मंत्री ने कहा कि यह कृत्य न केवल एक महापुरुष का अपमान है, बल्कि समाज की शांति और सौहार्द बिगाड़ने की सोची-समझी साजिश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ रासुका जैसी सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए।

प्रशासन ने दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन

ज्ञापन स्वीकार करते हुए एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही शरारती तत्व पुलिस की गिरफ्त में होंगे। प्रशासन ने प्रतिमा की गरिमा बहाल करने और मामले के त्वरित निस्तारण का आश्वासन भी दिया है।

प्रदर्शन में मौजूद रहे प्रमुख नेता

इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रभु दयाल वाल्मीकि के साथ मुख्य रूप से शिक्षा नेता नरेश पाल, रईस आजम मलिक, मुकेश यादव, मनोज पारचा, रमन, संदीप कुमार, संजय सुध, मास्टर शेखर आजाद, सचिन गुर्जर, दानिश अंसारी, सभासद जोनी जाटव और सोहेल मलिक सहित दर्जनों कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

टिप्पणियाँ