मेरठ: लोहिया नगर में दहेज विवाद ने लिया हिंसक रूप, दामाद ने ससुराल पक्ष पर किया जानलेवा हमला

मेरठ: लोहिया नगर में दहेज विवाद ने लिया हिंसक रूप, दामाद ने ससुराल पक्ष पर किया जानलेवा हमला

मेरठ (यूपी आज लाइव टीम)। जनपद के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक मामला रूह कपा देने वाली हिंसा में बदल गया। आरोप है कि एक पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही ससुराल पक्ष पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सरेराह मारपीट और पत्थरबाजी देखी जा सकती है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।

दहेज की मांग और प्रताड़ना का आरोप

पीड़िता के अनुसार, निकाह के बाद से ही उसका पति लगातार नकदी और कार की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि पीड़िता को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। घटना उस समय हुई जब पीड़िता के पिता अपनी बेटी का हाल-चाल जानकर अस्पताल से घर लौट रहे थे।

मदिना मस्जिद के पास घेराबंदी कर हमला

बताया गया कि पीड़िता के पिता अनीस अहमद ने अपनी कार मदिना मस्जिद के पास खड़ी की थी। तभी उनका दामाद मोहम्मद सुहैब अपने कुछ साथियों के साथ वहां आ धमका और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सुहैब ने सरेआम तलाक देने की धमकी दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, हमला इतना सुनियोजित था कि आसपास की छतों से महिलाओं और अन्य लोगों ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, कई घायल

इस खूनी संघर्ष में अनीस अहमद और उनके बेटे को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि हमलावरों में 20 से 30 अज्ञात लोग और कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंप दिया गया है।

पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की तहकीकात के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों के साथ-साथ पत्थरबाजी में शामिल अज्ञात लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ