पुलिस कस्टडी में बहन को गोली मारी, कोर्ट में बयान से पहले वारदात

पुलिस कस्टडी में बहन को गोली मारी, कोर्ट में बयान से पहले वारदात

सहारनपुर, एजेंसी। जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फतेहपुर सीएचसी पर उस समय गोलीकांड हो गया, जब एक युवती को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल के लिए ले जाया गया था। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम उसके भाई ने दिया है। सूत्रो के नुसार युवती अपने प्रेम संबंध को लेकर बयान देने वाली थी। घटना से पहले पूरे दिन घटनाक्रम बदलता रहा। सात दिन से लापता युवती सुबह अचानक थाने के बाहर मिली, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। लेकिन बयान दर्ज होने के बाद हालात तेजी से बदले और बाद में हमला हो गया।

लापता होने से बरामदगी तक का घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, युवती 16 मार्च को लापता हुई थी और अगले दिन उसके अपहरण का मामला दर्ज कराया गया। अलग-अलग समुदाय से जुड़े होने के कारण इस मामले में सामाजिक और राजनीतिक दबाव भी बना हुआ था।

काफी प्रयासों के बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिल रही थी, लेकिन अचानक युवती का थाने पहुंचना पूरे घटनाक्रम में नया मोड़ लेकर आया।

रहस्य बना युवती को थाने तक छोड़ने वाला

सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति युवती को थाने के बाहर छोड़कर चला गया। युवती खुद अंदर गई और पुलिस से अपने बयान दर्ज करने की बात कही।

चर्चा यह भी रही कि युवती ने अपने प्रेमी के साथ विवाह कर लिया है और वह उसी के साथ रहना चाहती थी। ऐसे में उसके बयान का केस पर सीधा असर पड़ना तय था। हालांकि यह अब भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे थाने तक कौन लेकर आया।

बयान के बाद बदला घटनाक्रम

थाने में युवती के पहुंचने पर पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाया। सकुशल मिलने के बाद परिवार और पुलिस दोनों ने राहत महसूस की। बताया जा रहा है कि युवती ने अपने बयान में प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी लेकर गई, जहां आगे चलकर वारदात हुई।

सीएचसी में गोलीकांड, हालत गंभीर

सीएचसी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब युवती के भाइयों ने कार के पास पहुंचकर गोलीबारी कर दी। बताया गया कि कार में बैठी युवती पर नजदीक से कई गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक उसके सिर में लगी।

घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

कोर्ट में बयान से पहले ही वारदात

पूरे मामले में यह भी सवाल उठ रहा है कि युवती के बयान सार्वजनिक कैसे हुए। आशंका जताई जा रही है कि मजिस्ट्रेट के सामने बयान देने से पहले ही इस घटना को अंजाम दिया गया, ताकि वह अपने पक्ष में गवाही न दे सके। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था सहित कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

टिप्पणियाँ