एलपीजी आपूर्ति के नए नियम लागू, अब तय समय अंतराल के बाद ही मिलेगा सिलिंडर
दिल्ली, एजेंसी। देश में एलपीजी आपूर्ति को लेकर तेल कंपनियों ने नए नियम लागू कर दिए हैं, जिनका सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। नई व्यवस्था के तहत अब गैस सिलिंडर की आपूर्ति निर्धारित समय अंतराल के बाद ही की जाएगी।
बताया गया है कि जिन उपभोक्ताओं के पास दो सिलिंडर हैं, उन्हें अब 35 दिन के अंतराल के बाद ही नया सिलिंडर मिलेगा। वहीं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए यह अवधि 45 दिन कर दी गई है।
एक सिलिंडर वालों के लिए अलग व्यवस्था
उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं के पास केवल एक सिलिंडर है, उन्हें 25 दिन बाद ही रिफिल उपलब्ध कराया जाएगा। यह नियम सभी गैस एजेंसियों पर तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसके अलावा, वाणिज्यिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति भी सीमित कर दी गई है। फिलहाल इन्हें केवल आपात सेवाओं और शिक्षण संस्थानों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जा रहा है।
पहले शुरू हो चुकी है नई बुकिंग प्रक्रिया
इससे पहले गैस की कमी को देखते हुए भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव किया था। नई प्रणाली के तहत जिन उपभोक्ताओं ने अपने वार्षिक कोटे के 12 सिलिंडर ले लिए हैं, उन्हें अगली बुकिंग के लिए ऐप के माध्यम से अतिरिक्त जानकारी देनी होगी।
बुकिंग के दौरान देनी होगी ये जानकारी
नई प्रक्रिया के अनुसार उपभोक्ताओं से कुछ जरूरी सवाल पूछे जाएंगे, जिनके आधार पर बुकिंग को स्वीकृति दी जाएगी। इनमें शामिल हैं:
* परिवार में छह या उससे अधिक सदस्य हैं या नहीं
* क्या घर में मेहमान आए हुए हैं
* शादी, भंडारा या अन्य कोई कार्यक्रम आयोजित होना है
* अन्य घरेलू जरूरतों का विवरण
आपूर्ति संतुलन बनाने की कोशिश
विशेषज्ञों का मानना है कि इन नए नियमों का उद्देश्य सीमित उपलब्धता के बीच गैस आपूर्ति को संतुलित करना है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक आवश्यक मात्रा में सिलिंडर पहुंच सके। हालांकि, नए नियमों से उपभोक्ताओं को गैस प्राप्त करने में अधिक इंतजार करना पड़ सकता है, जिससे आम लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ने की संभावना भी जताई जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें