जिला अस्पताल से 21 दिन की बच्ची गायब, CCTV में नहीं मिला सुराग


 

जिला अस्पताल से 21 दिन की बच्ची गायब, CCTV में नहीं मिला सुराग

बरेली, एजेंसी। Bareilly के जिला अस्पताल से 21 दिन की नवजात बच्ची के गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर बच्ची चोरी का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

दवा और जन्म प्रमाणपत्र के लिए अस्पताल पहुंचे थे दंपति

जानकारी के अनुसार, इज्जतनगर क्षेत्र के परतापुर चौधरी गांव निवासी मकसूद अपनी पत्नी शबाना और 21 दिन की बच्ची के साथ जिला अस्पताल आए थे। पत्नी को दवा दिलाने और बच्ची का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए वे अस्पताल पहुंचे थे।

बताया गया कि मकसूद अपनी पत्नी और बच्ची को अस्पताल में छोड़कर सीएमओ कार्यालय की ओर जन्म प्रमाणपत्र बनवाने चले गए थे।

अस्पताल परिसर में बेहोश मिली महिला, बच्ची लापता

मकसूद के मुताबिक, लौटने पर उनकी पत्नी उस स्थान पर नहीं मिलीं जहां उन्हें छोड़ा गया था। काफी तलाश के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे पत्नी अस्पताल परिसर में पेड़ों के पास बेहोश हालत में मिलीं, लेकिन 21 दिन की बच्ची गायब थी। पिता ने आशंका जताई है कि किसी गिरोह ने उनकी पत्नी को नशा देकर बच्ची का अपहरण कर लिया।

CCTV फुटेज में नहीं मिला कोई सुराग, मामला संदिग्ध

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, लेकिन फुटेज में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। इसी वजह से पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच

एसपी सिटी Manush Pareek ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं जिला अस्पताल के प्रभारी एडीएसआईसी Dr. R C Dixit ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की गई है, लेकिन किसी को घटना की जानकारी नहीं है। अवकाश होने के कारण ओपीडी और कार्यालय भी बंद थे।

टिप्पणियाँ