प्रीपेड मीटर व्यवस्था के विरोध में 30 मार्च को व्यापारियों का धरना व भूख हड़ताल

प्रीपेड मीटर व्यवस्था के विरोध में 30 मार्च को व्यापारियों का धरना व भूख हड़ताल

मेरठ। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में शहर के व्यापारी आगामी 30 मार्च को प्रातः 10:00 बजे से मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम एवं द्वितीय के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे तथा भूख हड़ताल भी करेंगे।

यह जानकारी देते हुए लोकेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि व्यापारियों की प्रमुख मांग प्रीपेड मीटर व्यवस्था को समाप्त करने की है। उन्होंने कहा कि प्रीपेड मीटर लागू होने के बाद हजारों व्यापारी एवं उपभोक्ता गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रीपेड मीटर के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। विभाग का सर्वर ठीक से कार्य नहीं कर रहा, जिससे भुगतान करने के बाद भी वह अपडेट नहीं हो पा रहा है। साथ ही पुरानी सिक्योरिटी राशि के समायोजन का विवरण भी उपभोक्ताओं को उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

व्यापारियों का आरोप है कि बिजलीघरों पर लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि अधिकारी इस समस्या के प्रति उदासीन बने हुए हैं। इसके अलावा बिना आधार के वर्षों पुरानी बकाया राशि की वसूली के नोटिस भेजे जा रहे हैं तथा कनेक्शन पीडी (परमानेंट डिस्कनेक्शन) के समय फाइनल बिल बनाने में अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रीपेड मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट नहीं किए जा रहे हैं, सीलिंग सर्टिफिकेट पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हैं और मोबाइल ऐप डाउनलोड करने में भी दिक्कतें आ रही हैं।

इन सभी समस्याओं को देखते हुए व्यापारियों ने प्रीपेड मीटर व्यवस्था को पूरी तरह वापस लेने की मांग की है। लोकेश कुमार अग्रवाल ने सभी व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भूख हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ