मेरठ: चाइनीज मांझे का कहर, तिरंगा गेट पर बाइक सवार की कटी गर्दन, आए 22 टांके

मेरठ: चाइनीज मांझे का कहर, तिरंगा गेट पर बाइक सवार की कटी गर्दन, आए 22 टांके

मेरठ (यूपी आज लाइव टीम)। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ रहा है। ताजा मामला तिरंगा गेट के पास का है, जहां बाइक सवार एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। युवक की गर्दन पर इतना गहरा घाव हुआ कि डॉक्टरों को 22 टांके लगाने पड़े। फिलहाल घायल युवक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बाजार से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, अहमद नगर निवासी दानिश मंगलवार रात अपनी बाइक से हापुड़ अड्डे पर कुछ जरूरी सामान लेने गए थे। सामान लेकर घर लौटते समय जैसे ही वह तिरंगा गेट के पास पहुंचे, अचानक पतंग का जानलेवा मांझा उनके गले में आकर फंस गया। दानिश कुछ समझ पाते या बाइक रोकते, उससे पहले ही धारदार मांझे ने उनकी गर्दन को बुरी तरह रेत दिया। गर्दन कटते ही दानिश लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। खून से लथपथ दानिश को स्थानीय लोगों ने तुरंत सहारा दिया और शास्त्री नगर स्थित अर्जुन अस्पताल ले गए। इस दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि घाव काफी गहरा था, जिसे ठीक करने के लिए 22 टांके लगाने पड़े हैं। दानिश पेशे से पावरलूम चलाने का काम करते हैं और परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य हैं।

प्रशासन के दावों की खुली पोल

मेरठ में जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाने के तमाम दावों और छापों के बावजूद यह जानलेवा डोर सरेआम बिक रही है। आए दिन हो रहे इन हादसों ने शहरवासियों में डर और नाराजगी पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कागजों पर प्रतिबंध लगाने से कुछ नहीं होगा, जब तक कि इस मांझे को बेचने वालों और पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती।

सख्ती से रोक लगाने की मांग

इस घटना के बाद एक बार फिर सामाजिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर के उन इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जाए जहां चोरी-छिपे चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। दानिश के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित को आर्थिक सहायता दिए जाने की भी अपील की है।

टिप्पणियाँ